शुकुल बाजार। घर में घुसे बदमाशों ने दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने पति की डंडे से पिटाई की और नकदी व गहने समेत करीब एक लाख का माल लूटकर भाग गए। मगर डकैती की इस वारदात को पुलिस ने महज चोरी की धारा में ही दर्ज किया।
स्थानीय थानाक्षेत्र के सत्थिन चौराहे के निकट रहने वाले रघुनाथ यादव के घर में मंगलवार रात 11 बजे पांच बदमाश दीवार फांदकर घुस गए। बदमाशों ने रघुनाथ व उसकी पत्नी कल्पना को बंधक बना लिया और बक्से का ताला तोड़ने लगे। दंपती ने विरोध किया तो बदमाशों ने रघुनाथ की डंडे से पिटाई कर दी। रघुनाथ की पिटाई के बाद बदमाश घर से तकरीबन एक लाख रुपये कीमत के जेवर व नकदी लूटकर भाग गए। बदमाशों के जाने के बाद दंपती ने घटना की सूचना पुलिस को दी। डकैती की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। एसओ विद्यासागर सिंह पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दंपती से पूछताछ की। एसओ ने बताया कि रघुनाथ की तहरीर पर पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है।