जगदीशपुर। कठौरा-फतेहपुर सड़क मार्ग पर स्थित हैदरअली का पुरवा गांव के समीप पिकअप और जिप्सी के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित जिप्सी सवार लोगों ने पिकअप सवार एक युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को इंडो-गल्फ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। मोहनगंज थाना क्षेत्र के भिखनामऊ (रस्तामऊ) गांव निवासी रामपाल साहू का पुत्र राम समुझ रविवार रात घर से पिकअप पर धान लादकर कमरौली थाना क्षेत्र में स्थित राइस मिल पर पहुंचाने जा रहा था। पिकअप आशू श्रीवास्तव चला रहा था। पिकअप जैसे ही कमरौली थाना क्षेत्र के हैदरअली का पुरवा गांव के पास पहुंची। तभी सामने से आ रही जिप्सी से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना से आक्रोशित जिप्सी सवार लोगों ने पिकअप पर बैठे राम समुझ को वाहन से नीचे खींच लिया और उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद हमलावर फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राम समुझ को चालक ने इंडो-गल्फ अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।