गौरीगंज। बीते दिनों भेटुआ ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले सपाई सोमवार को भादर ब्लॉक प्रमुख के खिलाफ उतर पड़े। ब्लॉक के 49 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 32 ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मौजूदा ब्लॉक प्रमुख के प्रति अविश्वास जताते हुए अपने शपथ पत्र डीएम को सौंपे। डीएम ने डीपीआरओ को अविश्वास प्रस्ताव का परीक्षण करने को कहा है।
सोमवार सुबह वार्ड संख्या 27 से बीडीसी शिवनारायण और वार्ड संख्या 28 से बीडीसी राम मिलन यादव उर्फ बबलू के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे 32 बीडीसी सदस्यों ने जिलाधिकारी विद्याभूषण से मुलाकात की। शिवनारायण और राम मिलन यादव ने मूल नोटिस के साथ सभी सदस्यों का फोटोयुक्त शपथ पत्र भी सौंपा। इन सपा नेताओं व बीडीसी सदस्यों ने ब्लॉक प्रमुख रोहित चौधरी को अल्पमत में बताया। कहा कि वर्तमान ब्लॉक प्रमुख क्षेत्र पंचायत में अपना विश्वास खो चुके हैं। बीडीसी सदस्यों ने जिलाधिकारी से अविश्वास प्रस्ताव पर बहस व मतदान की तिथि घोषित करने की मांग की। जिलाधिकारी के समक्ष ही डीपीआरओ एसबी सिंह ने मौजूद 32 बीडीसी सदस्यों का उनके शपथ पत्र पर अपने सामने हस्ताक्षर कराया। जिलाधिकारी विद्याभूषण ने बताया कि अविश्वास की प्रति को परीक्षण के लिए भेजा गया है। परीक्षण के बाद आवश्यकता पड़ने पर बहस व मतदान के लिए तिथि की घोषित की जाएगी।