सुल्तानपुर। केएनआई उपकेंद्र पर शनिवार को बारिश के दौरान खराब हुआ पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर रविवार को भी सही नहीं हो सका। ट्रांसफार्मर के लोड नहीं लेने से चार फीडर बैठ गए। इससे शहर के 12 मोहल्लों में 26 घंटे बत्ती गुल रही। देर शाम शहर के दो फीडरों को डाकखाना उपकेंद्र से जोड़कर आपूर्ति चालू कर दी गई। देहात क्षेत्र को आपूर्ति देने वाले दो फीडर ओदरा व ईस्ट अभी भी नहीं चल सके हैं। इनसे जुड़े करीब 25 गांवों में 30 घंटे से अंधेरा छाया है।
शनिवार को बारिश के दौरान सुबह करीब 10 बजे केएनआई उपकेंद्र के दो ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो गए। इंजीनियरों ने 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर तो ठीक कर लिया, लेकिन पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर दुरुस्त नहीं हो सका। उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर खराब हो जाने से इससे जुडे़ चार फीडर बैठ गए। इसमें शहर के दो फीडर टाउन प्रथम व द्वितीय तथा देहात को आपूर्ति देने वाले ओदरा व ईस्ट फीडर शामिल हैं। इंजीनियर व विद्युत कर्मी रविवार को भी इसे ठीक करने में जुटे रहे, लेकिन खराबी दूर नहीं हो सकी। खराबी दूर न होने व जनता के बढ़ते दबाव को देखते हुए शहर को आपूर्ति देने वाले दो फीडरों टाउन प्रथम व द्वितीय को नगर के डाकखाना उपकेंद्र से दोपहर बाद जोड़ दिया गया और शहर के 12 मोहल्लों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत आपूर्ति शुरू कर दी गई। इस दौरान विद्युत आपूर्ति न होने से लोग पानी के लिए परेशान रहे। वहीं करीब 25 गांवों में 30 घंटे से अंधेरा छाया है।