अखंडनगर (सुल्तानपुर)। तेज आंधी और पानी के दौरान रविवार अपराह्न मंदिर पर पीपल का पेड़ गिरने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शिकार लोग आंधी-पानी से बचने के लिए मंदिर की आड़ में खड़े थे। पुलिस ने घायलों को अंबेडकर नगर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के बरामदपुर गांव के समीप शाहगंज-अकबरपुर मार्ग का मरम्मत कार्य चल रहा है। मरम्मत कार्य में कई मजूदर लगे हैं। रविवार अपराह्न अचानक आंधी और पानी के साथ ओले गिरने लगे। इससे बचने के लिए मजदूर भागकर समीप स्थित एक शिवमंदिर की आड़ में खड़े हो गए। तभी ठीक बगल मौजूद एक पीपल का पेड़ मंदिर पर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में मजदूर आ गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही मौके पर एसडीएम कादीपुर और एसओ अखंडनगर तेज बहादुर सिंह पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। पेड़ और मंदिर के मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी की सहायता लेनी पड़ी। जब तक मलबे में फंसे घनश्याम (40), राघेश्याम (25) पुत्रगण वासुदेव निवासी बहलोलपुर चंदनपुर थाना अकबरपुर जिला अंबेडकर नगर को बाहर निकाला गया उनकी मौत हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल आशाराम (35), डब्लू (18) पुत्रगण हरिराम, योगेश (18)पुत्र दीनदयाल निवासी बहलोलपुर चंदनपुर थाना अकबरपुर जिला अंबेडकर नगर को पुलिस ने जिला अस्पताल अंबेडकर नगर भेजा है। उपजिलाधिकारी कादीपुर नलिनीकांत सिंह ने हादसे में दो मजदूरों के मौत की पुष्टि की है। बताया कि मलबा हटाने का कार्य चल रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मृतक के परिजनों को सहायता राशि दी जाएगी।