दोस्तपुर। मोबाइल फोन पर एक प्रौढ़ को इनाम में 25 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर 36 हजार रुपये ठग लिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। घटना बस्तीपुर पहाड़पुर गांव से जुड़ी है।
गांव निवासी नन्हेलाल (55) पुत्र राम अकबाल के मोबाइल फोन पर बीती 20 जून को एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने उन्हें 25 लाख रुपये इनाम में जीतने का यकीन दिलाते हुए 42 हजार रुपये टीडीएस के नाम पर मांगा। नन्हेलाल ने फोन करने वाले के बताए गए अकाउंट नंबर में 20 जून को 20 हजार रुपये, जबकि 21 जून को 16 हजार एक सौ पचास रुपये जमा कर दिए। इसके बाद फोनकर्ता ने उनसे सात हजार रुपये और जमा करने को कहा। इस बीच ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। ग्रामीणों ने नन्हेलाल से पूछा तो उन्होंने पूरा माजरा बताया। तब ग्रामीणों ने नन्हेलाल को बताया कि वे ठगी के शिकार हो गए हैं। सोमवार सुबह नन्हेलाल ने तहरीर दी। एसओ अंजनी कुमार तिवारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।