सुल्तानपुर। चुनाव के ऐलान से पहले सरकार ने योजनाओं की स्वीकृति में दिलेरी दिखाई तो अफसर भी पीछे नहीं रहे। आनन-फानन में शुरू हुई लोक लुभावन योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता में आ गया। स्थिति यहां तक पहुंच गई कि बिना बजट के ही टेंडर तक निकलवाए और स्वीकृति भी दे दी। अंतिम समय तक योजनाओं की समीक्षा का कार्य चला। चुनावी घोषणा के पहले योजनाओं को स्वीकृत कराकर सरकार चुनाव में फायदा तलाश रही है। वैसे तो लोकसभा चुनाव को देखते हुए तकरीबन दो माह से विकास कार्यों की स्वीकृति एवं उसके अनुमोदन की प्रक्रिया तेजी पकड़े थी। सरकार ने युवाओं को रोजगार देने को कौशल विकास कार्यक्रम शुरू कराया और समाजवादी पेंशन योजना शुरू की।