सुल्तानपुर। शराब पीने से मना करने पर पति ने पत्नी पर केरोसिन डालकर उसे जिंदा जला दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दामाद के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव निवासी रामपाल की बेटी सरस्वती (40) की शादी कोतवाली नगर क्षेत्र के घसीटू का पुरवा गांव निवासी श्यामलाल के साथ हुई थी। मंगलवार की रात श्यामलाल नशे में घर पहुंचा और शराब पीने लगा। पत्नी ने शराब पीने से मना किया तो उसने घर के अंदर ही उसकी पिटाई शुरू कर दी। सरस्वती मदद की गुहार लगाती रही लेकिन उसे बचाने कोई नहीं पहुंचा। घटना के वक्त घर में सरस्वती के तीन बच्चे मौजूद थे। सरस्वती को पीटने के बाद उसका पति उसे खींचकर थोड़ी दूर पर स्थित अरहर के खेत में ले गया और केरोसिन डालकर उसे जिंदा जला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद पति फरार हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाते ही नगर कोतवाल वीपी सिंह, गभाड़िया चौकी इंचार्ज सचिन राठी वहां पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। बुधवार की सुबह बेटी की मौत की सूचना पाकर पहुंचे रामपाल ने हत्यारोपी दामाद श्यामलाल के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ने बताया कि मृतका की बेटी रिंकी ने पिता के खिलाफ सरस्वती को जलाने का बयान दिया है।