सुल्तानपुर। कोतवाली देहात क्षेत्र में जौनपुर राजमार्ग पर गुरुवार देर रात ट्रक से हुई भिड़ंत में बोलेरो जीप सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। जीप सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां से डॉक्टरों ने पांच घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर किया है। देर रात तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी।
यह हादसा सुल्तानपुर-जौनपुर रोड पर देहात कोतवाली क्षेत्र में हनुमानगंज बाजार के निकट गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक बोलेरो (यूपी52जे-3300) जौनपुर की तरफ जा रही थी। सामने से आ रही ट्रक (यूपी53टी-5210) ने सामने से जीप को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग मौकेपर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जीप सवार लोगों को बाहर निकाला। उनमें तीन की मौत हो चुकी थी लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई। जीप सवार छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जिनमें पांच की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। चार घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक घायलों में चार लोगों की पहचान हुई है। उनके नाम नगर कोतवाली क्षेत्र में अमहट निवासी समर बहादुर (42), पट्टी प्रतापगढ़ निवासी विजय बहादुर (48), विजेंद्र कुमार (40) और अलीपुर लंभुआ, सुल्तानपुर निवासी महादेव बताए गए हैं। पांच अन्य घायलों के साथ तीनों मृतकों की भी देर रात तक पहचान नहीं हो पाई थी।