गौरीगंज। प्राथमिक विद्यालयों में तैनात शिक्षामित्रों के सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति का रास्ता साफ होने का बाद मंगलवार को उनकी काउंसलिंग शुरू हो गई। तहसीलवार चलने वाली काउंसलिंग में पहले दिन अमेठी तहसील के 196 शिक्षामित्रों को बुलाया गया था। बीएसए कार्यालय में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की तीन सदस्यीय चार टीमों ने पूरे दिन शिक्षामित्रों के अभिलेख की जांच कर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
शासन के निर्देश पर प्राथमिक स्कूलों में सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति के लिए शिक्षामित्रों की काउंसलिंग की प्रक्रिया मंगलवार को शुरू हो गई। पांच दिन तक तहसीलवार चलने वाली काउंसलिंग के पहले दिन अमेठी तहसील के भेटुआ ब्लॉक के 54, अमेठी के 56, संग्रामपुर के 37 और भादर के 49 सहित कुल 196 शिक्षामित्रों को अभिलेखों के साथ बुलाया गया था। शिक्षामित्रों को काउंसलिंग में कोई दिक्कत न आए इसके लिए बीएसए आनंद कुमार पांडेय ने अधिकारियों-कर्मचारियों की चार टीमें गठित की थीं। पहले चरण में उन शिक्षामित्रों की काउंसलिंग चल रही है जो दूरस्थ शिक्षा विधि के माध्यम से बीटीसी प्रशिक्षण पूरा कर चुके हैं। संबंधित पटल लिपिक रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को गौरीगंज, गुरुवार को मुसाफिरखाना और शुक्रवार को तिलोई तहसील के शिक्षामित्रों की काउंसलिंग होगी। सभी तहसीलों के छूटे हुए शिक्षामित्रों को काउंसलिंग के लिए शनिवार को अंतिम मौका दिया जाएगा।