सुल्तानपुर। कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को उर्वरक की 10 दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकान खुली छोड़कर भागने पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। स्टॉक बोर्ड व अभिलेख अधूरा पाए जाने पर एक दुकानदार को नोटिस दिया गया है। उर्वरक की गुणवत्ता परखने के लिए सात नमूने लिए गए हैं।
शुक्रवार को जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय की अगुवाई में कृषि विभाग की टीम ने दादूपुर, बंधुआकला, इस्लामगंज, खोखीपुर, दाउदपुर व अलीगंज में उर्वरक की 10 दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने उर्वरक की गुणवत्ता परखने के लिए दुकानों से खाद के सात नमूने लिए। इनमें सिंगल सुपर फॉस्फेट के चार, जिंक के दो व वरदान कस्टमाइज्ड का एक नमूना शामिल है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसान फर्टिलाइजर इस्लामगंज का दुकानदार टीम के पहुंचने पर दुकान खुली छोड़कर भाग गया। इसके चलते दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। राजमणि फर्टिलाइजर के दुकानदार को अभिलेख अधूरा होने पर नोटिस दिया गया है।