जिले के वन क्षेत्र में इजाफा हो रहा है, लेकिन हरियाली घटती जा रही है। ऐसा पौधों की सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम न होने के कारण हो रहा है। बदइंतजामी के बीच हरियाली को संजोए रखना चुनौती भरा है। शुक्रवार को विश्व पृथ्वी दिवस पर जिले में वन विभाग की ओर से पौधरोपण के लिए कोई प्रबंध नहीं किया गया है।
फारेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक फैजाबाद मंडल के सुल्तानपुर और अमेठी जनपद में 800-800 हेक्टेयर वन क्षेत्र बढ़ा है। पहले जिले का वनाच्छादित क्षेत्र 1276 हेक्टेयर था, जो अब 2076 तक पहुंच गया है।
वनाच्छादित क्षेत्र में भले ही बढ़ोतरी हुई हो, लेकिन पौधों की सुरक्षा को लेकर किए गए इंतजाम असरदार नहीं हैं। जिले में 9.76 लाख पौधे रोपे जाने का निर्देश मार्च में दिया गया था। पिछले साल पौधों की सुरक्षा को लेकर आयरन व ब्रिक गार्ड की व्यवस्था की गई थी। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 1370 ब्रिक व 280 आयरन गार्ड लगाए गए थे जिनमें से अधिकतर देखरेख के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
उनमें लगाए गए पौधे भी गायब हैं। इस बार पौधरोपण के लिए 450 हेक्टेयर क्षेत्र निर्धारित किया गया है। पिछले वर्ष 217 हेक्टेयर में पौधरोपण किया गया था। शुक्रवार को विश्व पृथ्वी दिवस मनाया जा रहा है। इस बार इस दिन पौधे लगाए जाने को लेकर वन विभाग की ओर से कोई प्रबंध नहीं किया गया है।