बांगरमऊ (उन्नाव)। जिला प्रशासन ने नगर के नानामऊ मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन दिन में प्रतिबंधित कर रखा है इसके बावजूद पुलिस की मिलीभगत से बड़े भार वाहनों का आवागमन हो रहा है। इससे नगर के अंदर जाम लग रहा है।
नगर का नानामऊ मार्ग काफी संकरा है और दोनों तरफ खुली नालियां हैं। इससे भार वाहन अक्सर नालियों में धंस जाते हैं और वाहनों का आवागमन कई घंटे तक बाधित रहता है। नागरिकों की शिकायत पर जिला प्रशासन द्वारा नानामऊ मार्ग से बड़े भार वाहनों का आवागमन सुबह 8 बजे से शाम 10 बजे तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। दिन में ऐसे सभी भार वाहनों को हरदोई मार्ग बाईपास तिराहा से गुजरने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए नगर के नानामऊ मार्ग तिराहे पर जिलाधिकारी के पदनाम से बोर्ड भी चस्पा किया जा चुका है। लेकिन जिलाधिकारी के आदेश को ताख पर रखकर बड़े और भार वाहनों का इस मार्ग पर धड़ल्ले से गुजरना जारी है। इन बड़े भार वाहनों के दोतरफा आ जाने से दिन में कई बार जाम लगता है। स्थानीय लोगों ने नो इंट्री को प्रभावी ढंग से लागू कराने की मांग की है।