अचलगंज/उन्नाव। अंतिम संस्कार से लौट रही ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पलट गई। हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई जबकि पिता-पुत्र सहित दस लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने हाईवे पर दो घंटे तक जाम लगाकर प्रदर्शन किया। एसडीएम ने किसान बीमा योजना के तहत आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। इसके बाद भीड़ ने जाम खोला।
अचलगंज थाना क्षेत्र के कुरमापुर गांव निवासी लल्लू (60) की लंबी बीमारी के बाद मंगलवार शाम को मृत्यु हो गई थी। रिश्तेदार और परिवार के लोग बुधवार सुबह ट्रैक्टर-ट्राली से शव का अंतिम संस्कार करने गए थे। दोपहर करीब 1.30 बजे परिवार के लोग अंतिम संस्कार कर वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली अचलगंज थाना क्षेत्र में कनौडिया पेट्रेल पंप के सामने पहुंची थी कि तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से ट्राली पलट गई। इससे ट्राली में सवार सदर कोतवाली क्षेत्र के गदन खेड़ा गांव निवासी मृतक के साढ़ू रामदुलारे (60) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्राली में सवार दस लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल कुरमापुर गांव निवासी रामऔतार पुत्र सरजू लोधी उनका बेटा विजयपाल, धुन्नी पुत्र होरीलाल, रामस्वरूप पुत्र रामपाल और भगवती को आनन-फानन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर सीओ सिटी नेहा पांडेय, सीओ चरनजीत सिंह और अचलगंज थानाध्यक्ष रमेश चंद्र यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया मगर वह शांत नहीं हुए। बवाल बढ़ने की आशंका को देखते हुए एसडीएम सतीश चंद्र शुक्ल और सिटी मजिस्ट्रेट प्रवीणा सिंह मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने लोगों को समझाया और किसान बीमा योजना के तहत आर्थिक मदद देने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग सड़क से हटे और जाम खोला।
एंबुलेंस भी फंसी, टेंपो से भेजे घायल
हादसे के बाद जाम लग जाने से घायलों को लेने गई एंबुलेंस ने भी जाम में फंस गई। एंबुलेंस को मौके पर न पहुंच पाने और घायलों की हालत बिगड़ते देख पुलिस ने सभी घायलों को टेंपो व अन्य सवारी साधनों से जिला अस्पताल भेजा।