बीघापुर। एक सप्ताह से नगर पंचायत क्षेत्र को दो-तीन घंटे मिल रही विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित ग्रामीणों ने सपा नेता व सभासद दिलीप बाजपेई के नेतृत्व मेें विद्युत उपकेंद्र का घेराव कर जेई को बंधक बना लिया। घंटों हंगामा चला। विधायक के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
विद्युत आपूर्ति से परेशान नगरवासियों के सब्र का बांध मंगलवार को टूट गया। सपा नेता दिलीप बाजपेई के नेतृत्व में लोग विद्युत उपकेंद्र पर पहुंच गए। जेई विजय कुमार शुक्ल से ध्वस्त बिजली व्यवस्था से पूछा। बताया कि दो-तीन घंटे आपूर्ति हो रही है। जेई ने विद्युत आपूर्ति मेें सुधार के नाम पर हाथ खड़े कर दिए। इस पर आक्रोशित नगरवासियों ने उन्हें कमरे में बंद करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा देख कर्मचारी भाग खड़े हुए। सपा नेता व सभासद दिलीप बाजपेई ने पूरे प्रकरण से क्षेत्रीय विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को अवगत कराया। विधायक के हस्तक्षेप के बाद चार बजे विद्युत आपूर्ति बहाल की गई। साथ ही बंधक रहे जेई मुक्त हो सके। सभासद दिलीप बाजपेई ने कहा कि बिजली विभाग ग्रामीणों की समस्याओं की अनदेखी करना बंद करे। अन्यथा ग्रामीण धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे।