वाराणसी/जौनपुर। चौबेपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने सतीश हत्याकांड में षड्यंत्र के आरोपी ढाबा संचालक को सोमवार को मुनारी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला है कि बीकेडी गैंग के सदस्यों ने ढाबे पर ही सतीश को मारने की योजना बनाई थी। उधर, पुलिस ने बीकेडी को गिरफ्तार करने के लिए जौनपुर के खानापट्टी गांव स्थित उसकी बुआ घर छापा मारकर तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इसी मामले में फूलपुर से पुलिस ने सुजीत बेलवा को भी उठाया है। उससे पूछताछ की जा रही है। सुजीत षड्यंत्र के आरोपी अतुल राय का करीबी बताया जाता है।
धौरहरा निवासी ब्रजेश सिंह के चचेरे भाई सतीश सिंह की तीन जुलाई की सुबह हत्या के बाद पुलिस अब तक दस शरणदाताओं को गिरफ्तार कर चुकी है। पूछताछ से पुलिस को पता चला है कि हत्या की योजना फूलपुर से कुछ दूर आगे स्थित मंगला मिश्रा के ढाबे पर बनाई गई थी। उधर, एसपी क्राइम कमलेश दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ढाबा संचालक को सोमवार की रात मुनारी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जौनपुर के लहंगपुर जलालपुर का रहने वाला है। ढाबा संचालक ने पुलिस को बताया है कि बीकेडी अपने साथियों के साथ स्कार्पियो और इनोवा गाड़ी से उसके ढाबे पर अक्सर आता था। हत्या की योजना बनाने वालों में इनामी शूटर पंकज सिंह का पिता छब्बू सिंह भी शामिल है।