वाराणसी। बीएचयू में एमएससी वनस्पति विज्ञान में प्रवेश के लिए काउंसलिंग की तिथि अभी घोषित नहीं हुई है। ऐेसे में कर्मचारियों की थोड़ी सी चूक के चलते विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर गलती से काउंसलिंग की तिथि 25 जुलाई लोड हो गई। इसको लेकर गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर में हलचल मच गई। देश के कई शहराें से अभ्यर्थी विभाग में फोन कर काउंसलिंग की जानकारी लेते रहे। वे इसलिए परेशान थे कि उन्हें काउंसलिंग लेटर या मोबाइल पर मैसेज नहीं मिला था।
वनस्पति विज्ञान विभाग में एमएससी में 51 सीटें हैं। बुधवार की देर शाम वेबसाइट पर काउंसलिंग तिथि लोड करने का प्रशिक्षण तकनीकी कर्मी शिक्षकों और विभाग के कर्मचारियाें को दे रहे थे। इस दौरान एक कर्मी ने वेबसाइट पर ट्रायल के तौर पर काउंसलिंग के कालम में 25 जुलाई की तिथि डाल दी। इसके बाद शिक्षक और कर्मचारी घर चले गए। गुरुवार की सुबह अभ्यर्थियाें ने विश्वविद्यालय की वेबसाइट चेक की तो उसपर काउंसलिंग की तिथि 25 जुलाई देख सभी दंग रह गए। क्योंकि काउंसलिंग से पहले विद्यार्थियों को उनके ईमेल और मोबाइल पर काउंसलिंग की सूचना देने की व्यवस्था है लेकिन न तो किसी को लेटर मिला था और न ही मोबाइल पर मैसेज। परेशान अभ्यर्थियाें ने विभाग में फोन कर कर्मचारियों से जानकारी लेते रहे। पहले तो कर्मचारी काउंसलिंग की तिथि घोषित नहीं होने की जानकारी देते रहे लेकिन जब आगरा, कानपुर, मेरठ आदि जगहाें से अभ्यर्थियाें के फोन आने लगे तो कर्मचारी चिंतित हो उठे। वेबसाइट देखने पर गलती पकड़ में आई। वेबसाइट से तत्काल काउंसलिंग की तिथि हटाई गई। इससे पूर्व इस गलती की जानकारी छात्राें ने विज्ञान संकाय समेत कई विभागाें के छात्राें और परिचिताें को दे दी थी।
इनसेट:
प्रवेश प्रक्रिया 29 से शुरू होगी
वाराणसी। बीएचयू के शिक्षा, वाणिज्य, संस्कृत विद्या धर्म विज्ञान संकाय, कृषि विज्ञान संस्थान के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी। कुलसचिव की अध्यक्षता में संकाय प्रमुखाें और विभागाध्यक्षाें की हुई बैठक में 14 अगस्त के पहले प्रवेश लेने का काम पूरा करने का निर्णय लिया गया है।