वाराणसी। रिजवी समिति की संस्तुतियों को लागू करने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश फील्ड कर्मचारी फेडरेशन का जिला मुख्यालय पर दो दिवसीय धरना मंगलवार को शुरू हो गया। धरना सभा में फेडरेशन के जिला संयोजक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में छोटे कर्मचारी सरकार की पोल खोलेंगे। सरकार के जनविरोधी कार्यों को उजागर करेंगे।
परिवहन कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष लव कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार वादाखिलाफी कर रही है। छोटे कर्मचारियों के प्रति सरकार संवेदनहीन है। अधिकारी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एनपी सिंह ने कहा कि पदोन्नति में दोहरी नीति नहीं चलने देंगे। सिंचाई कर्मचारी संघ के प्रदेश संरक्षक विकेंद्र पांडेय ने केंद्र के समान राज्य कर्मचारियों को मकान किराया भत्ता देने की मांग की। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला मंत्री राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाए। ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश दीक्षित ने कहा कि अधिकारी एसी में रहते हैं तो उन्हें वाहन भत्ता दिया जाता है। जो कर्मचारी फील्ड में रहते हैं उसे साइकिल भत्ता दिया जाता है। यह दोहरा मापदंड नहीं चलेगा। धरने में वरुण सिंह, इंदू यादव, मंजू लता, डीएन तिवारी, राजेंद्र कुमार, आनंद सिंह, अशोक कुमार सिंह, शंभूनाथ आदि शामिल रहे।