वाराणसी। यूपी कालेज में छात्रसंघ उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए छात्रनेता राहुल सिंह ने अपने दोस्तों के साथ एक दवा कारोबारी से पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स मांगा था। रंगदारी के लिए उसने जेल में बंद बदमाश अजय सिंह विजय का नाम लिया था। इससे पहले तीनों ने भोजूबीर मंडी के समीप एक व्यक्ति से लूटपाट भी की थी। क्राइम ब्रांच और शिवपुर पुलिस ने गुरुवार को राहुल समेत तीन छात्रों को गिरफ्तार कर इस मामले का खुलासा किया।
एसएसपी अजय मिश्र ने बताया कि शिवपुर के दवा व्यवसायी विष्णु सेठ से 31 अगस्त को पांच लाख रुपये गुंडा टैक्स मांगा गया था। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि कारोबारी को धमकाने के लिए उसी सिम का इस्तेमाल किया गया है जो 13 अगस्त को लूटा गया था। क्राइम ब्रांच की टीम और शिवपुर थानाध्यक्ष एसएस पांडेय ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया। सूचना के आधार पर साईं मंदिर शिवपुर से पुलिस टीम ने तीन आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक तमंचा, चार कारतूस और दो मोबाइल सेट बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में चंदौली जिले के टडि़या बबुरी का रहने वाला यूपी कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र राहुल सिंह, धौरहरा का बीए द्वितीय वर्ष का छात्र विवेक सिंह और बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र गौरव सिंह शामिल हैं।
पूछताछ से पता चला कि राहुल सिंह कालेज में छात्रसंघ उपाध्यक्ष का चुनाव लड़ना चाहता था। इसके लिए पैसे जुटाने के लिए उसने विवेक और गौरव के साथ मिलकर गलत रास्ता अख्तियार किया। तीनों ने मिलकर 13 अगस्त की सुबह भोजूबीर मंडी के समीप एक व्यक्ति से चार मोबाइल और पांच हजार रुपये लूट लिए थे। उन्होंने दवा व्यवसायी विष्णु सेठ से पहले पांच हजार रुपये चंदा मांगने की कोशिश की थी लेकिन उसने चंदा देने से इनकार कर दिया था। इसके बाद तीनों ने उससे गुंडा टैक्स मांगने की योजना बनाई। लूटे गए सिम से राहुल ने खुद को अजय सिंह गैंग का सदस्य बताते हुए कारोबारी को धमकी दी थी।