वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र स्थित भक्तिनगर कालोनी में शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार डंपर के धक्के से बाइक सवार छात्र गिरकर अगले पहिए के नीचे आ गया। करीब पंद्रह मिनट तक डंपर के नीचे दबा छात्र छटपटाता रहा। यह देख कालोनी के लोग मौके पर पहुंच गए और बस से डंपर को धक्का दिलाने के बाद छात्र को बाहर निकाला। इस बीच चालक और खलासी डंपर छोड़कर भाग निकले। गुस्साए लोग चालक वाहनों पर पथराव करने के साथ चक्काजाम कर दिया। पुलिस के समझाने पर लोग शांत हुए। घायल छात्र को बीएचयू में भर्ती कराया गया है।
भक्तिनगर कालोनी निवासी शुभम श्रीवास्तव (18) पांडेयपुर स्थित इंटर कालेज में 12वीं में पढ़ता है। वह पैथालॉजी में पार्ट टाइम काम करता है। शाम को वह पैथालॉजी से बाइक से घर लौट रहा था। भक्तिनगर कालोनी पहुंचने पर तेज रफ्तार डंपर ने छात्र की बाइक में धक्का मार दिया, जिससे वह गिरकर डंपर के पहिये के नीचे आ गया। हादसे के बाद चालक और खलासी भाग गए। इधर, छात्र डंपर के नीचे छटपटा रहा था। युवक की हालत देख कालोनी के लोग सड़क पर आ गए। लोगों ने एक निजी बस रोकी और उससे डंपर में धक्के लगवाए, तब छात्र बाहर निकाला गया। पैर टूट जाने से छात्र खड़ा नहीं हो पा रहा था। परिवार के लोगों ने उसे बीएचयू में भर्ती कराया। वहीं, घटना से उत्तेजित कालोनी के लोगों ने डंपर के अलावा कई वाहनों पर पथराव करने के साथ ही चक्काजाम कर दिया। इसके चलते कालोनी में वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। हादसे के शिकार छात्र के पिता रमेश श्रीवास्तव प्राइवेट जॉब करते हैं। उनके पांच पुत्रों में शुभम सबसे बड़ा है। देर रात तक पुलिस चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई।
खराब सड़क के चलते हुआ हादसा
पांडेयपुर-लालपुर मार्ग खराब होने के कारण ज्यादातर वाहन भक्तिनगर कालोनी से होकर लालपुर जाते हैं। इससे भक्तिनगर कालोनी का संपर्क मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। यह हादसा भी खराब सड़क के चलते ही हुआ।