वाराणसी (ब्यूरो)। काशी हिंदू विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शिक्षकों ने जौनपुर संसदीय क्षेत्र से डा. केपी यादव का टिकट काटे जाने पर नाराजगी जताई है। इसके विरोध में सोमवार को लंका स्थित पं. मदनमोहन मालवीय की प्रतिमा स्थल से समर्थकों ने जुलूस निकाला और नारेबाजी की। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव से पुन: विचार करने की अपील की गई।
जुलूस में शामिल समर्थकों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक टिकट को पुन: बहाल नहीं किया जाता है यह आंदोलन समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा। वक्ताओं ने कहा कि टिकट कटने से छात्रों और बुद्धिजीवियों में काफी निराशा है। इस दौरान डा. बालरूप यादव, प्रो. आरसी यादव, डा. प्रवीन राय, डा. खुर्शीद अहमद, डा. योगेश सिंह, डा. एके श्रीवास्तव, डा. एस गिरी, डा. श्रवण कुमार ने संबोधित किया।