वाराणसी। पेशी पर आने वाले बदमाशों की निगरानी के लिए अब कचहरी में सादे कपड़ों में फोर्स तैनात रहेगी। एडीजी/आईजी जोन जीएल मीणा ने बुधवार की दोपहर कचहरी लाकअप का जायजा लेने के बाद यह निर्देश कैंट थानाप्रभारी को दिया। एडीजी के निरीक्षण के मद्देनजर कचहरी में पुलिस काफी चुस्त नजर आई। पेशी पर आए बदमाशों से मिलने आए उनके करीबियों ने किनारा कसने में ही भलाई समझी।
एडीजी जीएल मीणा को सूचना मिली कि कचहरी में आजमगढ़ जिले से कुंटू सिंह, वाराणसी से अजय विजय समेत कुछ अन्य बदमाश पेशी पर आने वाले हैं। मुलाकात के लिए इनके करीबी कचहरी पहुंचने शुरू हो गए हैं। सूचना के आधार पर एडीजी अधीनस्थों के साथ कचहरी पहुंच गए। उन्होंने कचहरी स्थित सेसन लाकअप का निरीक्षण किया। कचहरी के मुहर्रिर से भी जानकारी की। इसके बाद कैंट थाना प्रभारी विपिन राय को हिदायत दी कि कचहरी में पेशी पर आने वाले बदमाशों की निगरानी के लिए 15 सिपाहियों की टीम सादे कपड़ों में तैनात रहनी चाहिए। पेशी पर आने वाले बदमाशों की हर गतिविधि पर पूरी नजर रखी जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही की शिकायत मिली तो संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।