वाराणसी। रविदासियों की आस्था का केंद्र बने सीर गांव को बुधवार से तीन दिन के लिए कटौती मुक्त कर दिया गया। अब यहां 14 फरवरी तक चौबीस घंटे बिजली रहेगी। पानी की आपूर्ति के लिए जलकल विभाग की ओर से चार टैंकर लगाए गए हैं। मेला क्षेत्र में मच्छरों के सफाए के लिए देर शाम फागिंग कराई गई,ताकि भक्तों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने प्रशासनिक अमले के साथ शिविरों से लेकर मंदिर तक के इंतजामों का एक-एक कर जायजा लिया। डाग स्क्वायड के साथ मेला परिक्षेत्र में हर कोने की छानबीन की गई।
डीएम के साथ यूपीपीसीएल के अलावा जल संस्थान, नगर निगम, जलकल, स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों ने दोपहर एक बजे सीर पहुंचकर इंतजामों को जांचा-परखा। लंगर में पहुंचने के बाद डीएम ने राहत महसूस की। सेवादारों की चौकस व्यवस्था के लिए चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों की पीठ भी थपथपाई। अफसरों से कहा कि सेवादारों की व्यवस्था से प्रबंधों की सीख लेनी चाहिए। डीएम के साथ पहुंचे एक्सईएन ने बताया कि अब तीन दिन तक सीर की बिजली नहीं कटेगी।
इनसेट
नगवा के रविदास पार्क में आज मनेगी दीवाली
वाराणसी। नगवा स्थित संत रविदास पार्क में गुरुवार की शाम दीपावली जैसा नजारा रहेगा। यहां रविदासियां भक्तों का कारवां देर शाम दीपदान करेगा। इसके लिए पार्क को भव्य सजाया गया है। इस बार सुरक्षा कारणों से संत निरंजन दास महाराज दीपदान में हिस्सा नहीं लेंगे।