सारनाथ। साईं पुलिया के पास सोमवार को मिला युवक का शव सीमा विवाद के चलते घंटों पड़ा रहा। मौके पर पहुंचे चोलापुर और सारनाथ के थानेदार एक-दूसरे की सीमा मेंशव होने की बात कह जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं थे। विवाद इतना बढ़ गया कि एसएसपी को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने लेखपाल, सीओ और एसपी देहात को भेज कर विवाद हल कराया तब चोलापुर पुलिस पोस्टमार्टम की कार्रवाई में जुटी।
सखवा रोड पर चोलापुर और सारनाथ थाने की सीमा पर स्थित साईं पुलिया के नीचे सुबह छह बजे युवक की अर्धनग्न लाश लोगों ने देखी। इसकी जानकारी मिलने पर वहां धीरे-धीरे लोगों की भीड़ जुट गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद चोलापुर और सारनाथ के थानेदार पहुंचे लेकिन दोनों शव को एक-दूसरे की सीमा में होने की बात कह करीब तीन घंटे तक उलझे रहे। इसकी जानकारी मिलने पर एसएसपी ने हस्तक्षेप किया तब सीमा विवाद सुलझा। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसके कपड़ों पर महिला के बाल पाए गए हैं, जिससे पुलिस आशनाई के चक्कर में हत्या का मामला मान रही है। लोगों की माने तो उसकी कनपटी पर गोली मारी गई है। वहीं पुलिस का कहना है कि सिर कूचकर हत्या की गई है। सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही हो सकेगी। एसएसपी जोगेन्द्र कुमार का कहना है कि एसपी देहात प्रदीप गुप्ता और सीओ पिंडरा परमहंस मिश्रा को भेजकर सीमा विवाद का मामला सुलझा दिया गया है। कहा कि जिले में दोबारा कहीं सीमा विवाद को लेकर ऐसी स्थिति पैदा हुई तो दोनों एसओ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
नहीं पहुंची पुलिस, बीच धारा में बहा दी लाश
वाराणसी (सं.)। चौक थाना क्षेत्र के मणिकर्णिका घाट पर सोमवार को गंगा में बहकर एक युवक की लाश पहुंची। लाश को लोगों ने निकालकर किनारे किया। उसके शरीर पर कार्बन जींस, डार्क मैरून कलर का शर्ट और पैरों में सैंडिल थी। क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस तो नहीं पहुंची लेकिन करीब दो घंटे बाद तीन-चार युवक पहुंचे और लाश को गंगा की बीच धारा में ले जाकर बहा दिया। क्षेत्रीय लोगों का कहना था लाश को बहाने वाले सादे वेश में पुलिसकर्मी थे। यह कोई पहली घटना नहीं है हाल ही में पुलिस ने एक और लाश नदी के किनारे पाए जाने पर बीच धारा में फेंककर बहा दिया था।
युवक का शव मिला
वाराणसी (सं.)। डाफी टोल टैक्स के बगल में भूसा मंडी के पास रविवार की रात 26 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव पाया गया। उसके सिर पर दाहिने तरफ चोट का निशान है, जिसके आधार पर हत्या का मामला लगता है। पुलिस के अनुसार वह काले रंग का इनर, गुलाबी रंग की हाफ शर्ट और हाफ पैंट पहने हुए था।