वाराणसी। किसी भी सूरत में रोडवेज बस स्टैंड की एक किलोमीटर की परिधि से डग्गामार वाहनों को नहीं चलने दिया जाएगा। प्राइवेट बसों को उन्हीं स्थानों से चलने दिया जाएगा जहां उनके लिए स्टैंड बनाया गया है। यह निर्णय सोमवार को डीआईजी और सड़क परिवहन निगम के अफसरों की बैठक में लिया गया।
डीआईजी के कैंप कार्यालय में घंटे भर चली इस बैठक में रोडवेज के अफसरों ने बताया कि कलेक्टरी फार्म के सामने से 60, वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर 58, वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर 63, वाराणसी-जौनपुर मार्ग पर 38, जौनपुर-बदलापुर मार्ग पर 81, वाराणसी-मुगलसराय मार्ग पर 59, गाजीपुर- आजमगढ़ मार्ग पर 49, गाजीपुर-मऊ मार्ग पर 49, गाजीपुर-भरौली मार्ग पर 98 डग्गामार बसें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि डग्गामार बसों की सूची परिवहन आयुक्त को भी भेजी जाएगी।
कोट :-
डग्गामार वाहनों को लेकर डीआईजी के साथ बैठक हुई है। उन्हें शासनादेश की प्रति मुहैया करा दी गई है। उन्होेंने आश्वासन दिया है कि एक किमी की परिधि में कोई डग्गामार बस, मैजिक, जीप आदि नहीं चलने दी जाएगी।- पीके तिवारी, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम
--------
डग्गामारी किसी भी कीमत पर नहीं होने दी जाएगी। प्राइवेट बसों का संचालन वहीं से होगा, जहां उनके लिए स्थान तय किया गया है। अगर कोई पुलिसकर्मी वसूली करते पाया गया तो मुकदमा दर्ज कर उसे उसे जेल भेजा जाएगा। -जोगेंद्र कुमार, एसएसपी
--------
शासनादेश का पालन कराया जाएगा। प्राइवेट बस चालकों की कोई समस्या है तो उसका भी समाधान किया जाएगा। रोडवेज के एक किमी की परिधि में डग्गामारी न हो, इसका निर्देश बस स्टेशन के चौकी इंचार्ज एवं एसओ सिगरा को दिया जा चुका है।-संजय कक्कड़, डीआईजी