वाराणसी। रेलवे स्टेशन पर गए तो दिक्कत, आरक्षण चार्ट देर से पहुंचा, रिजर्वेशन नहीं करा पाए, रास्ते में घंटों फंसे, आखिर क्यों। क्या इसके लिए कोई नियम नहीं बन सकता है। जब रिक्शा चालकों से ही बात करनी थी तो फिर रेलवे स्टेशन जैसा व्यस्त स्थान क्यों चुना गया और उसे अनुमति क्यों मिली। आम आदमी का दर्द सुनने आए राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर हुई अव्यवस्थाओं के मद्देनजर आम आदमियों के सवाल रहे कि वीवीआईपी शहर में आए तो आदमी परेशान क्यों हो।
कैंट रेलवे स्टेशन पर राहुल के रिक्शा चालकों से संवाद कार्यक्रम के दौरान आरक्षण केंद्र पर प्रवेश प्रतिबंधित रहा। एसपीजी ने सुरक्षा कारणों से किसी को नहीं जाने दिया। यात्री रिजर्वेशन नहीं करा पाए। तत्काल टिकट बुक कराने की आशा से गए यात्री निराश लौटे। आरक्षण, किलेबंदी बाधित होने और टिकट रिफंड होने के चलते दस हजार रुपये किराया लेने वाले रेलवे को लाखों रुपये के नुकसान होने का अनुमान है। मुंबई जाने वाली महानगरी, वाराणसी दादर एक्सप्रेस, पवन, स्वतंत्रता सेनानी का आरक्षण चार्ट नहीं पहुंचने से यात्री परेशान हुए। पार्सल की ढुलाई बाधित रही। आरएमएस डाक सेवा बंद रही। सीआरएस विमल पांडेय ने बताया कि सुबह 11 बजे दोपहर 12 बजे तक कोई यात्री रिजर्वेशन कराने नही आ पाया।
इसके अलावा बाबतपुर हवाई अड्डे से कैंट स्टेशन आने और कैंट स्टेशन से काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के दौरान यातायात प्रतिबंधित किया गया। चौकाघाट डाट पुल, मैदागिन पर राहगीरों की पुलिस से नोंकझोंक हुई। जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा के चलते लिंक मार्ग पर भी वाहन रोक दिए गए। अर्दलीबाजार, गोलघर कचहरी, कैंट रोड, अंधरापुल, लहुराबीर, मैदागिन पर जगह-जगह वाहन रोके गए। राहुल के निकलने के पांच मिनट जब वाहन छोड़े गए तो जाम लग गया।
शव वाहन भी रोके गए
राहुल का काफिला गुजरने के दौरान मैदागिन पर शव वाहन भी रोके गए। पुलिस ने किसी भी शव वाहन को यहां से आगे नहीं जाने दिया। यहां पुलिस की लोगों से तकरार भी हुई।
राहुल ने अर्दलीबाजार में तोड़ा सुरक्षा घेरा
वाराणसी। बाबतपुर से काफिले के साथ शहर में प्रवेश कर रहे राहुल ने खुद सुरक्षा घेरा तोड़ दिया। उन्होंने अर्दलीबाजार में रुककर युवाओं से हाथ मिलाया। इससे एसपीजी जवान भी असहज हो गए। उन्होंने तत्काल गाड़ी से उतरकर राहुल की गाड़ी को घेर लिया। बाबतपुर से आ रहे राहुल के काफिले की रफ्तार अर्दलीबाजार पहुंचने पर काफी धीमी हो गई। यहां कुछ युवक खड़े थे। राहुल ने कार से हाथ हिलाकर अभिवादन किया तो कुछ युवक उनकी कार तक पहुंच गए। राहुल ने सुरक्षा घेरा दरकिनार करते हुए युवकों से हाथ मिलाया। इस पर एसपीजी जवानों ने राहुल की कार को सुरक्षा घेरे में लेते हुए कार आगे बढ़वाई और रफ्तार तेज करा दी।
जेपी मेहता रोड पर जाम में मालवाहक टेंपो फंसा। कंपनी तक समय से शीतल पेय नहीं पहुंचा पाया। कोई भी खास आए लेकिन आम आदमी क्यों परेशान हों। इसकी व्यवस्था की जानी चाहिए।
मोहम्मद एहसान अर्दलीबाजार
स्कूल से बच्चों को लेकर आने में काफी परेशानी हुई। राहुल का काफिला गुजरने के बाद बच्चों को घर पहुंचा पाया। वीवीआईपी की सुरक्षा हो लेकिन आम आदमी की भी सुविधा का ध्यान रखा जाए।
हरि श्रीवास्तव
प्रशासन वीआईपी नेताओं को आम आदमी की तरह लाए। इसके लिए भी नियम बनाया जाए। खास आएं और कारोबार क्यों प्रभावित हो।
सिंह बग्गा व्यापारी नेता
रिश्तेदार को छोड़ने स्टेशन गया। कार नहीं ले गया था फिर भी परेशान होना पड़ा। व्यस्त रहने वाले रेल स्टेशन पर रिक्शा चालकों का कार्यक्रम समझ में नहीं आया। इसे कहीं ऐसी किया जा सकता था जहां आम आदमी परेशान नहीं होता।
धर्मेंद्र सिंह
चेतगंज