वाराणसी। पूर्वांचल ब्लैकमनी का पार्किंग जोन बन गया है। यहां विभिन्न क्षेत्रों में धड़ल्ले से ब्लैक मनी की खपत की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2013-14 में हुई सर्च एवं सीजर की कार्रवाई में करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्तियां मिली हैं। इसे देखते हुए आयकर विभाग ने लोक सभा चुनाव में पूर्वांचल के जिलों में अपनी नजरें गड़ा दी हैं।
चुनाव में ब्लैक मनी को रोकने के लिए आयकर विभाग वाराणसी, गोरखपुर और इलाहाबाद के एयरपोर्ट पर सोमवार को जांच चौकियां स्थापित कर देगा। इसके अलावा होटल मालिकों और रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनको भी ब्लैक मनी पर नजर रखने के लिए कहा जाएगा। आयकर के अधिकारी सूत्रों का मानें तो वित्तीय वर्ष 2012-13 में सर्च एवं सीजर की तीन कार्रवाइयों के दौरान इसमें 50 करोड़ रुपये अघोषित आय की घोषणा की गई थी। इसके बाद 2013-14 में हुई कार्रवाई में यह राशि बढ़कर 111 करोड़ रुपये हो गई। आयकर अधिकारियों के अनुसार विधान सभा चुनाव में 2.83 करोड़ रुपये पकड़े गए थे।