वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध कालेजों में परीक्षा देने वाले करीब 27 हजार प्राइवेट विद्यार्थी प्रैक्टिकल कराए जाने का इंतजार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय की ओर से रेग्युलर छात्रों का प्रैक्टिकल तो कराया जा रहा है लेकिन इनके बारे में कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
विश्वविद्यालय और संबद्ध कालेजों में एक मार्च से शुरू परीक्षा में 261 केंद्रों पर करीब सवा तीन लाख विद्यार्थी परीक्षा दे रहे हैं। यूजी, पीजी के अधिकांश विषयों की परीक्षा खत्म होने के बाद मार्च के अंतिम सप्ताह से कापियों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। विश्वविद्यालय की तरफ से अब तक केवल परिसर के ही छात्रों का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जबकि कालेजों का परिणाम बाद में घोषित करने की बात कही जा रही है। इस बीच रेग्युलर छात्रों का प्रैक्टिकल कराया जा चुका है लेकिन लिखित परीक्षा खत्म होने के बाद भी कालेजों के प्राइवेट छात्र विश्वविद्यालय का चक्कर लगा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, कुछ कालेजों में छात्र संख्या कम होने की वजह से वहां के छात्रों का एक ही जगह प्रैक्टिकल कराने की तैयारी चल रही है।
कोट
विश्वविद्यालय की तरफ से प्राइवेट परीक्षार्थियों का प्रैक्टिकल कराने के लिए परीक्षा सामान्य विभाग की ओर से जिलेवार छात्रों का विवरण तैयार कराया जा रहा है। कालेजवार छात्रों की सूची बनने के बाद जल्द ही तिथि घोषित की जाएगी। चुनाव से पहले सभी कालेजों में प्रैक्टिकल करा लिया जाएगा। - डा. साहब लाल मौर्य, परीक्षा नियंत्रक