वाराणसी (ब्यूरो)। जिले में रविवार को हुई उत्तर प्रदेश राज्य इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा में करीब 95 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। अशोका इंस्टीट्यूट आफ टेक्नालॉजी एंड मैनेजमेंट में बने नोडल सेंटर पर परीक्षा के बाद केंद्रों से देर शाम तक कापियां पहुंच गईं। नोडल हेड अमित मौर्य के मुताबिक विश्वविद्यालय की ओर से इस बार बनारस के साथ ही गाजीपुर, जौनपुर, पटना और रांची में परीक्षा कराने की जिम्मेदारी संस्थान को मिली थी। इन पांच केंद्रों पर करीब 35 हजार विद्यार्थी पंजीकृत थे जिसमें सबसे अधिक वाराणसी में 26 केंद्रों पर 28 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि नोडल सेंटर पर चार पाली में जबकि अन्य केंद्रों पर एक ही पाली में परीक्षा हुई।