वाराणसी। बीएचयू में उपस्थिति कम होने पर रविवार को बीए प्रथम वर्ष के 40 छात्रों की परीक्षा से वंचित कर दिया। इसके विरोध में छात्रों ने छात्र अधिष्ठाता और संकाय प्रमुख के कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे बाद चीफ प्राक्टर के आश्वासन पर छात्रों ने धरना खत्म किया।
कला संकाय के ओल्ड पीजी बिल्डिंग में बीए द्वितीय सेमेस्टर की लैंग्वेज की परीक्षा हो रही थी। छात्रों का आरोप था कि परीक्षा के दौरान कई छात्रों का एडमिट कार्ड छीन लिया गया। वजह बताई गई कि उनकी उपस्थिति कम है। इसके विरोध में छात्र अधिष्ठाता कार्यालय पर पहुंचे छात्र धरने पर बैठ गए। डीन के बाहर होने की सूचना मिलने छात्रों ने कला संकाय प्रमुख के कार्यालय पहुंचकर धरना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि अगर उनकी उपस्थिति कम थी तो एडमिट कार्ड क्यों जारी किया गया और किस आधार पर उन्हें दो पेपर देने की अनुमति दी गई। धरने की सूचना पर पहुंचे चीफ प्राक्टर प्रो. एके जोशी और संकाय प्रमुख प्रो. एमएन राय ने आश्वासन दिया कि उन्हें परीक्षा से वंचित नहीं किया जाएगा। इसके बाद छात्र शांत हुए।