वाराणसी। बिल्डिंग मैटेरियल कारोबारी ओमप्रकाश गिरी को गोली मार कर लूटने के मामले में पुलिस ने क्षेत्र के ही एक हिस्ट्रीशीटर को हिरासत में ले लिया है। आशंका है कि हिस्ट्रीशीटर के इशारे पर ही बदमाशों ने कारोबारी को गोली मारी थी। पुलिस का कहना है कि हमलावरों के बारे में सुराग मिले हैं। जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
चोलापुर के सहडी निवासी ओमप्रकाश उर्फ मुन्ना गिरी की मोहांव में बिल्डिंग मैटेरियल की दुकान है। बीते सोमवार की रात गोसाईंपुर पटखौली के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने ओमप्रकाश से बैग में रखे रुपये मांगे। ओमप्रकाश ने बैग से 50 हजार रुपये निकाल कर दे दिए गए। बदमाशों ने जाते समय गोली मार दी। कारोबारी को गंभीर हाल में मलदहिया स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसओ चोलापुर का कहना है कि क्षेत्र के ही एक बदमाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।