वाराणसी। बीएचयू में भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित छह सप्ताह के सर्टिफिकेट कोर्स का समापन मंगलवार को किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि परीक्षा नियंता डॉ. कपी उपाध्याय ने कहा कि खेलों का सुदूर ग्रामीण इलाकों में विकास करना जरूरी है, ताकि वहां की युवा प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का मौका और सुविधाएं मिल सकें।
कोर्स की अवधि में प्रतिभागियों को एथलेटिक्स, हॉकी, कबड्डी और वॉलीबाल की बारीकियां सिखाई गईं। विभागाध्यक्ष प्रो. डीके दुरेहा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला के निर्देशन में 15 मई से 24 जून तक चले इस पाठ्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बीएसएफ और रेलवे के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। विशिष्ट अतिथि आईआईटी बीएचयू के प्रो. एसके शर्मा थे। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। संचालन डा. अभिमन्यु सिंह ने किया। इस दौरान डा. अखिल मेहरोत्रा, डा. विद्या सागर व डा. आरएन खरवार आदि मौजूद रहे।