वाराणसी। नगर के कई मार्गों पर मैनहोल के खुले ढक्कन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। बारिश का पानी भर जाने से वाहन सवारों को पता ही नहीं चल पाता कि कहां गड्ढा है। जब से बारिश शुरू हुई है, किसी न किसी सड़क पर इस तरह के हादसे आए दिन हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग को इसकी चिंता नहीं। ये भी सच है कि कई स्थानों पर क्षेत्रीय लोगों ने ही मैनहोल के ढक्कन हटा दिए हैं ताकि बारिश का पानी निकल जाए, लेकिन बहुत से ऐसे स्थान भी हैं जहां बरसात से पहले ही ढक्कन नदारद हैं।
सिगरा पर खतरनाक हो गया मैनहोल
इंग्लिशिया लाइन-सिगरा मार्ग पर सिगरा पेट्रोल टंकी के पास सड़क के बीचोंबीच मैनहोल खतरनाक गड्ढे का रूप ले चुका है। यहां लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं, लेकिन इसी रास्ते से जाने वाले नगर निगम के आला अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा।
सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर गड्ढा करा रहा हादसा
सिगरा-महमूरगंज मार्ग पर पल्लवी होटल के पास सड़क ऊंची हो गई है, जबकि मैनहोल नीचे। जब इसमें पानी भर जाता है तो यह वाहन चालकों को दिखता नहीं, परिणाम यह निकलता है कि लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसके ठीक बगल में रखकर छोड़ दी गई पटिया में भी फंसकर राहगीर गिर जा रहे हैं।
लहुराबीर पर तो लग जा रहा जाम
लहुराबीर-जगतगंज मार्ग पर क्वींस कालेज के समीप मैनहोल पर ढक्कन तो लगा है, लेकिन वाहन सवार जरा सा चूके तो उनका हाथ-पैर टूटना तय है। यहां इतना बड़ा गड्ढा है कि उससे बचके निकलने के चक्कर में वाहन चालकों को घूमकर जाना पड़ता है। इससे वहां जाम भी लग जाता है।
कई अन्य मार्गों की भी हालत ठीक नहीं
अंधरापुल चौराहा, कचहरी चौराहा, चौकाघाट पानी टंकी के पास, सुंदरपुर चौराहे के पास, लंका-संकटमोचन सहित कई अन्य प्रमुख मार्गों पर भी मैनहोल के बेतरतीब ढक्कन दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। ऐसा नहीं है कि इन स्थानों पर ढक्कन नहीं लगे हैं पर मैनहोल पर पूरी तरह से बैठाए नहीं जाने से राहगीर चुटहिल हो जा रहे हैं।
कोट :
शासन का निर्देश है कि जो भी कार्यदायी संस्था सड़क बनवाए, वह मैनहोल के ढक्कन का भी ध्यान रखे, लेकिन ऐसा हो नहीं पा रहा। यह गंभीर समस्या है, इसके मद्देनजर नगर आयुक्त को पहले ही पत्र भेजकर कार्यदायी संस्थाओं को मैनहोल की स्थिति ठीक कराने के लिए कहा गया है। एक बार फिर कार्यदायी संस्थाओं को मैनहोल के ढक्कन सही कराने के लिए कहा जाएगा। - बीके पांडेय, महाप्रबंधक जलकल विभाग