वाराणसी। बीएचयू में कृषि विज्ञान संस्थान में संचालित व्यक्तित्व विकास की कक्षाओं में हिस्सा लेने से मना करने पर सामाजिक विज्ञान के छात्रों ने धरना प्रदर्शन किया। छात्र बिरला हास्टल चौराहे पर बैठकर नारेबाजी करते रहे, जिससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया। धरने की सूचना पर पहुंचे कार्यकारी चीफ प्राक्टर व छात्र अधिष्ठाता के आश्वासन पर छात्रों ने धरना खत्म किया।
कृषि विज्ञान संस्थान में इंडियन काउंसिल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च के सहयोग से विद्यार्थियों के लिए व्यक्तित्व विकास की कक्षाएं संचालित की जाती हैं। कला और सामाजिक विज्ञान संकाय के कुछ छात्र संस्थान में पहुंचे और व्यक्तित्व विकास की कक्षा में पढ़ने की इच्छा जताई। छात्रों का आरोप था कि संस्थान प्रशासन ने उन्हें ये कहकर लौटा दिया कि ये कक्षाएं केवल कृषि विज्ञान संस्थान के विद्यार्थियों के लिए संचालित की जाती हैं। इससे नाराज छात्रों ने बिरला चौराहे पर धरने पर बैठ गए और व्यक्तित्व विकास के अलग से कक्षाएं संचालित करने की मांग करने लगे। धरने की सूचना पर पहुंचे छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह और कार्यकारी चीफ प्राक्टर डा. आनंद चौधरी ने ाश्वासन दिया कि उनके लिए भी कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इसके बाद छात्रों ने धरना समाप्त किया।