वाराणसी। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में शास्त्री और आचार्य प्रथम वर्ष में खाली बची सीटों को भरने के लिए 19 और 20 सितंबर को काउंसलिंग होगी। इसके लिए पूर्व में आवेदन कर चुके विद्यार्थियों से 15 सितंबर तक विकल्प मांगे गए हैं।
संस्कृत विश्वविद्यालय में इस बार साहित्य और व्याकरण की सीटें तो भर गई हैं लेकिन पुराण इतिहास, वेदांत, बौद्ध दर्शन, प्राकृत, प्राचीन राजशास्त्र समेत कई विभागों में कम आवेदन आने के कारण सीटें खाली रह गई हैं। छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. रमेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि साहित्य और व्याकरण में जिन विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका, उनसे दूसरे विषयों में दाखिले के लिए विकल्प मांगे गए हैं। ऐसे आवेदन जांच करने के बाद 18 सितंबर को विभागों में भेज दिए जाएंगे। पहली और दूसरी काउंसलिंग में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 21 सितंबर तय की गई है। इसका आदेश विभागों को भेज दिया गया है।