गांधी काशी विद्यापीठ में मार्कशीट के नाम पर धन उगाही का मामला सामने आया है। मंगलवार को स्नातक द्वितीय वर्ष के छात्र संजय सोनकर ने कुलसचिव से इस बात की लिखित शिकायत की। छात्र का कहना था संकाय में उससे अंकपत्र के बदले रुपये मांगे जा रहे थे। उसने ऐसे तत्वों पर कार्रवाई की मांग की है।
काशी विद्यापीठ में काउंसलिंग के बाद अब कक्षाएं चलनी शुरू हो गई हैं। वहीं, छात्र-छात्राओं से मार्कशीट के बदले धन वसूल करने की कोशिशें भी की जा रही हैं। मंगलवार को दोपहर में छात्र संजय अपनी मार्कशीट लेने के लिए संकाय कार्यालय में गया। वहां उससे रुपये देने पर ही अंकपत्र मुहैया कराने की बात कही गई। इसके बाद संजय कुलसचिव के पास पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी दी। उसका कहना था कि उसने पूरी फीस जमा की है, बावजूद इसके मार्कशीट के नाम पर रुपये मांगे जा रहे हैं। यह काम सीधे कर्मचारी कर रहे हैं या उनकी शह पर बाहरी लोग कर रहे हैं, यह जांच का विषय है लेकिन ऐसी घटनाओं से विश्वविद्यालय प्रशासन पर सवालिया निशान जरूर लग रहे हैं। इस बारे में कुलसचिव ओम प्रकाश का कहना है कि यह हरकत विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल करने वाली है। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।