वाराणसी। कैंट स्टेशन के विस्तार की योजना को अमलीजामा की कार्रवाई जल्द शुरू होगी। इसके तहत आरएमएस कालोनी को तोड़कर यात्री विश्रामालय, वीआईपी लाउंज समेत अन्य सुविधाओं का विकास किया जाएगा। यहां रह रहे कर्मचारियों को माल गोदाम के पास मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाकर फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। साथ ही सेकेंड क्लास यात्री हाल को तोड़ कर इसका विस्तार किया जाएगा और आरपीएफ थाने को भी हटाया जाएगा। सोमवार को कैंट स्टेशन के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के डीआरएम जगदीप राय ने ये बातें बताईं।
डीआरएमने बताया कि कैंट स्टेशन के विस्तार के लिए प्लेटफार्मो की लंबाई बढ़ाई जाएगी। साथ ही प्रथम वेटिंग यात्री हाल के पोर्च को चौड़ा किया जाएगा। डाक विभाग के अधिकारियों से बात कर आरएमएस (डाकघर) को हटाकर पश्चिमी छोर पर स्थापित किया जाएगा और इसकी जगह पर लांउज बनाया जाएगा। सेकेंड एंट्री की तरफ भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही फुट ओवरब्रिज की लंबाई बढ़ाई जाएगी। इसके लिए सेना के अधिकारियों से बात कर जमीन मांगी जाएगी। इसके पूर्व उन्होंने पूरे स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। इसके बाद उन्होंने काशी स्टेशन का भी दौरा किया।
हर समय रहेगा डॉग स्क्वॉड
वाराणसी। डीआरएम ने बताया कि कैंट स्टेशन की संवेदनशीलता को देखते हुए यहां हर समय डॉग स्क्वॉड मौजूद रहेगा। इसके तहत यहां जल्द ही डॉग कैनल बनाया जाएगा। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त बनाने के लिए दूसरे मंडलों से आरपीएफ के तीस आरपीएफ यहां स्थानांतरित किए जाएंगे। यह कवायद इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम के तहत की जा रही है। बताया कि हवाई अड्डे की तर्ज पर यहां भी यात्रियों पर निगाह रखने के साथ ही उनके सामान की सघनता से जांच की जाएगी।
बरेली व बेगमपुरा एक्सप्रेस में सेकेंड एसी
वाराणसी। कैंट से चलने वाली बरेली एक्सप्रेस और जम्मूतवी तक जाने वाली बेगमपुरा में एसी सेकेंड के कोच लगाए जाएंगे। डीआरएम जगदीप ने बताया कि इसका प्रस्ताव बनाकर रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही कोच लगा दिए जाएंगे।