वाराणसी (ब्यूरो)। ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों को दी जा रही ट्रेनिंग बीच में ही छोड़ कर ट्राइमेक्स एजेंसी के चले जाने के बाद अब दिसंबर में दोबारा प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसके लिए शासन से हरी झंडी मिल गई है। प्रधानमंत्री की डिजिटल इंडिया योजना के तहत सरकारी विभागों में पेपर लेस काम होना है।
जिले में 17 से 25 नवंबर तक अधिकारियों और कर्मचारियों को ई-डिस्ट्रिक्ट के तहत प्रशिक्षण दिया जाना था लेकिन तीन दिन प्रशिक्षण देने के बाद ट्राइमेक्स के प्रशिक्षक लौट गए। इसके चलते सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण नहीं मिल सका। ई-डिस्ट्रिक्ट के मैनेजर प्रसून अग्रवाल ने बताया कि दोबारा प्रशिक्षण शुरू कराने के सिलसिले में लखनऊ आए हैं। अनुरोध किया गया है कि दूसरी बार प्रशिक्षण देने के लिए ट्राइमेक्स को न चुना जाए। अधिकारियों ने प्रशिक्षण के लिए जल्द ही दूसरी एजेंसी भेजने का आश्वासन दिया है। दिसंबर से दोबारा प्रशिक्षण शुरू कराया जाएगा। एडीएम सिटी विंध्यवासिनी राय की ओर से बीच में प्रशिक्षण छोड़कर लौटने वाली एजेंसी पर कार्रवाई की जा रही है।