सेवापुरी। प्राथमिक विद्यालय बाराडीह में रजिस्टर पर फर्जी रूप से चढ़ाए गए विद्यार्थियों के नाम काटे जाएंगे। इस संबंध में प्रधानाध्यापक की ओर से खंड शिक्षा अधिकारी को एक-दो दिन में रिपोर्ट भेजी जाएगी। प्रधानाध्यापक के अनुसार फर्जी नाम काटने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। अमर उजाला ने तीन अगस्त के अंक में एक ही बच्चों के कई स्कूलों में नाम होने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इसके बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति रही।
चार-पांच दिन पहले ही प्रधानाध्यापक पद का चार्ज लेने वाले घनश्याम गुप्ता ने जब उपस्थिति पंजिका की जांच की तो हैरत में पड़ गए। पहले छात्रों की जितनी उपस्थिति बताई गई थी, उससे मौजूदा समय में संख्या काफी घट गई। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को 152 छात्रों का नामांकन था। इसमें से 106 उपस्थित हुए। 17 जुलाई को 151 में 90, 16 को 151 में 85 तथा 14 जुलाई को 151 में 80 बच्चों की उपस्थिति थी। कार्यभार संभालने के बाद की उपस्थिति का ब्योरा देते हुए बताया कि पहली अगस्त को 158 में से 30, तीन अगस्त को 158 में 15 और चार अगस्त को 158 में से 42 छात्र उपस्थित हुए।
खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देशन में जब हाजिरी लगाई गई तो बच्चों की संख्या घट गई। प्रधानाध्यापक का कहना है कि वे शीघ्र ही इस मामले की रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी को देंगे ताकि गड़बडि़यों पर अंकुश लग सके। खंड शिक्षा अधिकारी वीके श्रीवास्तव का कहना है कि शीघ्र ही व्यवस्था सुधारी जाएगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। किसी भी कीमत पर गड़बड़ी करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।