वाराणसी। राजकीय रेलवे पुलिस ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के एमसीए छात्र रहे मनाल बंसल की मौत की वजह पता करने के लिए जांच शुरू कर दी है। इसके लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। एक टीम जहां बीएचयू जाकर तफ्तीश करेगी वहीं दूसरी टीम परिवार के सदस्यों और आसपास रहने वालों से जानकारी हासिल करेगी, जबकि तीसरी टीम अलग से काम करेगी।
अलीगढ़ निवासी ज्ञानेश बंसल ने सोमवार को लंका थाने और मंगलवार को जीआरपी को प्रार्थना पत्र देकर इस मामले की जांच करने का आग्रह किया था। मंगलवार को जीआरपी ने इसकी जांच जिला पुलिस से कराने को कहा था, लेकिन पिता के बार-बार के अनुरोध के बाद वह जांच को तैयार हो गई। बता दें कि 21 अगस्त को मनाल बंसल का शव अंधरापुल रेल लाइन पर कटा मिला था। उस वक्त जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद इसे खुदकुशी करार दिया था, पर मनाल के पिता इससे इससे सहमत नहीं हैं। उनका यही कहना है कि रैगिंग के विरोध के चलते मनाल की हत्या कर लाश रेलवे लाइन पर डाल दी गई। जीआरपी थाना प्रभारी त्रिपुरारी पांडेय ने उम्मीद जताई है कि दो-तीन दिन में मौत के कारणों का पता चल जाएगा।