वाराणसी। डालिम्स रामकटोरा के छात्रों ने शुक्रवार की दोपहर कक्षा से बाहर निकलकर कालेज के सामने जमकर नारेबाजी की। छात्रों का कहना था कि कमजोर और मेधावी छात्रों के बीच सेक्शन बांटकर दूरियां पैदा की जा रही हैं। सुरक्षा गार्डों के अलावा क्लास टीचर के समझाने के बाद भी नाराज छात्र कक्षाओं में जाने को तैयार नहीं हुए।
करीब 12 बजे डालिम्स की 12वीं कक्षा के विज्ञान और कामर्स वर्ग के छात्र शोर-शराबा करने लगे। कक्षा से बाहर निकल कर सड़क पर प्रदर्शन कर रहे शशांक, नूतेश कुमार सिंह, आयुष्मान, फैज, साकेत, ओम, यश समेत पचासों छात्रों का कहना था कि उनके भीतर हीन भावना पैदा की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि हाल में ही हुए टेस्ट में 15 से अधिक नंबर पाने वालों को मेधावी बताकर अलग सेक्शन में कर दिया गया है, जबकि 10 या इससे कम अंक पाने वाले कमजोर छात्रों का सेक्शन अलग बना दिया गया है। ऐसा नहीं होना चाहिए। क्लास टीचर संदीप नाराज छात्रों को कक्षा में लौट चलने के लिए बार-बार समझा रहे थे लेकिन वे नहीं माने।
वर्जन-
एक क्लास में मानक से अधिक छात्र होने के कारण अलग सेक्शन बनाया जा रहा है। यह आरोप बेबुनियाद है कि पढ़ने में कमजोर छात्रों को मेधावियों से अलग बैठाया जा रहा है। क्वालिटी एजूकेशन को लेकर डालिम्स ग्रुप कोई समझौता नहीं करेगा। कमजोर छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं चलाई जाएंगी। जरूरी हुआ तो कुछ छात्रों को रोहनिया शाखा में स्थानांतरित किया जाएगा। -प्रदीप मधोक, चेयरमैन, डालिम्स स्कूल समूह