वाराणसी। उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन एवं पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को भिखारीपुर स्थित कार्यालय में अधीनस्थों की बैठक हुई। इसमें एमडी ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से जुड़े जिलों में दिए गए लक्ष्य के मुताबिक राजस्व की वसूली नहीं होने पर नाराजगी जताई। कहा कि हरहाल में राजस्व वसूलना ही होगा।
एमडी ने कहा कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम को 218 करोड़ रुपये की वसूली करनी है। इसमें वाराणसी क्षेत्र को 80 करोड़, गोरखपुर को 45 करोड़ और आजमगढ़ क्षेत्र को 15 करोड़ रुपये की वसूली है। इसके अलावा इलाहाबाद क्षेत्र से 78 करोड़ रुपये की वसूली होनी है। एमडी ने कहा कि पूर्वांचल में कुल 45 ग्रामीण खंड हैं। उन्होंने खंडों के अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिया कि अवर अभियंता के साथ फीडरवार उपभोक्ताओं का सर्वे कर वैध कनेक्शन धारकों के घर के बाहर पीला पेंट कर काले रंग से उपभोक्ता का नाम और कनेक्शन संख्या लिखें। साथ ही वैध कनेक्शन धारकों की कुल संख्या के बारे में लिखित रूप से विभाग को उपलब्ध कराएंगे। बैठक में मुख्य अभियंता आलोक वर्मा, एमएल शर्मा, राजेंद्र प्रसाद, ओपी गुप्ता, राकेश सिन्हा, एसपी त्रिपाठी, एके सिंह, एके पांडेय उपस्थित थे।