रोहनिया। मुठभेड़ के दौरान मुंबई में मारे गए इनामी गैंगस्टर कृपा चौधरी का भांजा भी लुटेरा निकला। रोहनिया पुलिस ने उसके कब्जे से शनिवार की रात लूट के पांच हजार रुपये और लोडेड तमंचा बरामद किया। घेराबंदी के बीच एक बदमाश भागने में सफल हो गया।
थानाध्यक्ष रामायण सिंह को सूचना मिली कि इलाके में लुटेरे बाइक से घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ने चौकी प्रभारी अनुराग कुमार के साथ एक पुलिस टीम को भेजा। पुलिस ने भिखारी पुर मोड़ पर घेराबंदी कर एक बदमाश को धर दबोचा लेकिन उसका साथी बाइक से भाग निकला। पकड़ा गया बदमाश सूरज कुमार कचनार का रहने वाला है। उसके कब्जे से पुलिस ने पांच हजार रुपये और लोडेड तमंचा बरामद किया। उसने बताया कि फरार साथी जगदीश पटेल बीरभानपुर का रहने वाला है। थानाध्यक्ष की मानें तो गिरफ्तार सूरज मुन्ना बजरंगी के राइट हैंड कृपा चौधरी का भांजा है। पुलिस ने उसे एक बार लूट के मामले में पहले भी गिरफ्तार किया था। मुठभेड़ में मारे गए कृपा का दामाद राजेश चौधरी उर्फ करिया का भी लूट की कई घटनाओं में नाम सामने आया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के लिए इनाम भी घोषित कर रखा है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार सूरज 10 सितंबर को अढ़तिया के साथ हुई दो लाख की लूट में शामिल रहा है। पूछताछ के आधार पर पुलिस फरार बदमाश की तलाश करने का प्रयास कर रही है।