वाराणसी। जिले के प्रभारी और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने कहा कि जिला योजना के लिए स्वीकृत धनराशि का मात्र 10 प्रतिशत ही अवमुक्त होने के कारणों की बिंदुवार समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा, जिले के प्रभारी मंत्री होने के नाते जिला योजना के तहत प्रस्तावित सभी कार्यों के लिए शासन स्तर से धनराशि अवमुक्त करने में वाराणसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। सांस्कृतिक संकुल में बातचीत में प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूर्वांचल में खासतौर से वाराणसी और चंदौली में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। सप्ताह भर बाद यहां फिर आने का कार्यक्रम बन रहा है। उस दौरान वित्तीय वर्ष के आठ माह बीतने के बाद भी स्वीकृत कार्यों के लिए सिर्फ 9.86 प्रतिशत धनराशि उपलब्ध कराने के कारणों की भी समीक्षा की जाएगी। वर्ष 2012-13 में जिला योजना के बाबत प्रस्तावित कार्यों के लिए 155.62 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।