वाराणसी। हैदराबाद की फैशन टेक्नालाजी इंस्टीट्यूट की चार छात्राएं सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस ट्रेन में छेड़खानी की शिकार र्हुईं। बिहार की रहने वाली इन छात्राओं की शिकायत पर बीटेक के चार छात्रों को वाराणसी में कैंट जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। छात्र भी बिहार के ही रहने वाले हैं।
फैशन टेक्नालाजी इंस्टीट्यूट की पूजा, स्वाति, अनिता और सुनीता सिकंदराबाद-पटना एक्सप्रेस से सफर कर रही थीं। वे कोच संख्या एस-8 में सवार थीं। इसी कोच में रोहतास निवासी विवेश कुमार पांडेय भी सफर कर रहा था। ट्रेन के नैनी (इलाहाबाद) पहुंचने पर विवेश के साथी पराग पल्लव, नवीन कुमार सिंह और अमित कुमार आ गए। विवेश के मित्र मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं। इनका रिजर्वेशन दूसरे कोच में था। उन्होंने कोच में बैठी छात्राओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। छात्राओं ने जब विरोध किया तो वे जान से मारने की धमकी देने लगे। उन्होंने इसकी जानकारी ट्रेन में चल रहे आरपीएफ स्कोर्ट को भी दी। बाद में जब छेड़खानी बढ़ गई तो छात्राओं ने माधोसिंह स्टेशन के पास चेनपुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे आरपीएफ के जवानों ने चारों को धर दबोचा। ट्रेन के कैंट स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ ने चारों छात्रों को जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी इंस्पेक्टर देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए छात्रों के खिलाफ छेड़खानी समेत धारा 506, 509 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों छात्राओं को पंजाब मेल से भेज दिया गया। पकड़े गए छात्र खुद को सेंट मैरिज कालेज आफ नलगोंडा का छात्र बता रहे हैं। श्री मिश्रा ने बताया कि घटना इलाहाबाद की है। इसलिए चारों छात्रों को इलाहाबाद भेज दिया जाएगा।