वाराणसी। पूर्वांचल में कृषि उत्पाद को और बढ़ावा देने तथा दूसरी हरित क्रांति लाने के उद्देश्य से शनिवार को बीएचयू में रोड मैप तैयार किया जाएगा। इसमें पूर्वांचल के 25 जिलों के कृषि क्षेत्र के चहुंमुखी विकास की समग्र रूपरेखा तय की जाएगी। इसमें सरकार की ओर से प्रदेश के कृषि मंत्री आनंद सिंह मौजूद रहेंगे। रोड मैप की रूपरेखा बीएचयू और देश के अन्य हिस्साें से आने वाले नामचीन कृषि वैज्ञानिक प्रस्तुत करेंगे। ‘प्रॉस्पेक्टस ऑफ एक्सटेंडिंग एवरग्रीन रिवॉल्यूशन इन ईस्टर्न यूपी’ कार्यक्रम शनिवार को बीएचयू के विज्ञान संकाय के महामना हॉल में आयोजित किया जाएगा।
इसमें धान, गेहूं, सब्जी की उत्पादकता बढ़ाने, सड़कें बनाने, जलवायु के अनुरूप हाईब्रिड और कम समय में तैयार होने वाली प्रजातियाें को विकसित करने, वाटर शेड बनाने, पशुपालन को बढ़ावा देने, खेत से फसल बाजार तक पहुंचाने की सुविधा आदि पहलुआें पर विचार किया जाएगा। यह प्रस्ताव प्रदेश सरकार को प्रेषित किया जाएगा ताकि इसे क्रियान्वित किया जा सके। बीएचयू कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि आयोजन में कृषि मंत्री आनंद सिंह, बीएचयू के पूर्व कुलपति प्रो. पंजाब सिंह, एग्रीकल्चर साइंटिस्ट रिक्रूटमेंट बोर्ड नई दिल्ली के पूर्व अध्यक्ष प्रो. आरबी सिंह, पूर्व कृषि सचिव जेएनएल श्रीवास्तव, बीएचयू के कुलपति डा. लालजी सिंह भाग लेंगे। शाम को पैनल डिस्कशन होगा जिसमें उद्योगपति, व्यवसायी, समाजसेवी, नौकरशाह, किसान आदि भाग लेंगे।