वाराणसी। नदेसर स्थित एक तारांकित होटल में ठहरे अमेरिकी शिक्षक का 1360 डालर, अंगुठी और कलाई घड़ी चोरी हो गई। इस मामले में विदेशी ने कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। अमेरिका के सैनफ्रांसिस्को निवासी चार शिक्षकों का एक दल भारत आया है। सात जनवरी को यह दल नदेसर स्थित एक होटल में ठहरा। बुधवार को यह दल कमरा खाली करने लगा तो पता चला कि ब्रिफकेश में रखे 1360 डालर नहीं हैं। इसके अलावा, सोने की अंगुठी और कलाई घड़ी भी नहीं थी। इस मामले में अमेरिकी शिक्षकों ने होटल प्रबंधक से शिकायत करने के बाद कैंट पुलिस को सूचना दी। आरोप लगाया कि उनके कमरे की सफाई के लिए बृजेश नामक कर्मचारी आता था। आशंका है कि चोरी में उसका हाथ हो सकता है। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्जकर घटना की जांच शुरू कर दी है। दो माह पहले इसी होटल से डालर चोरी की शिकायत पुलिस को मिली थी।