हरहुआ। बड़ागांव थाना क्षेत्र के निबाह में शनिवार की दोपहर बदमाशों ने बाइक मैकेनिक राजेश मिश्रा उर्फ राजू (55) की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। कातिलों ने राजेश के सीने से लेकर चेहरे तक कई वार किए थे। सरसों के खेत में गिरे खून और अन्य निशानों से पता चला कि मौत से पहले उसने कातिलों से संघर्ष भी किया था। एसपी ग्रामीण के समक्ष फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड की टीम ने मौके का जायजा लिया। पुलिस घटना की जड़ में पैसों का लेनदेन और घरेलू विवाद मानते हुए कातिलों की तलाश कर रही है।
घसियारी टोला का मूल निवासी राजेश उर्फ राजू मिश्रा (55) फातमान रोड पर बाइक मैकेनिक का काम करता था। हालांकि उसकी दुकान चार साल से बंद पड़ी थी। शनिवार को उसके साथियों ने उसे निबाह में बुलाया। यहां किसी बात पर साथियों से उसकी हाथापाई भी हुई। पास ही घास काट रही महिलाएं इसे आपसी झगड़ा समझ वहां से चली गईं। इसके बाद साथियों ने राजेश की हत्या करने के बाद शव घसीटकर एक गड्ढे में छोड़ दिया और भाग निकले। घटना की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष मिथिलेश मिश्रा मौके पर पहुंचे। राजेश के पास से पुलिस ने एटीएम कार्ड, वोटर आईडी, पैन कार्ड और पल्सर बाइक बरामद की। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एपी सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट विशेषज्ञों को बुलाया।
पूछताछ में पता चला कि मैकेनिक घसियारी टोला का मकान बेचने के बाद कुछ दिनों तक गंगानगर और सिगरा में रहा। फिलहाल वह असी में अपनी बहन के घर रह रहा था। उसकी तीन बेटियां हैं। मकान के पैसे से उसने दो स्थानों पर भूखंड भी खरीदा था। पत्नी वीना मिश्रा ब्यूटीशियन का काम करती है। दोनों में कुछ दिनों पहले विवाद के बाद थाने पर समझौता हुआ था। पुलिस इस मामले में मैकेनिक के साथियों की तलाश रही है।