वाराणसी। इंटरनेट के माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक में अब घर बैठे बचत खाता खोल सकते हैं। नए ग्राहक बनाने के लिए बैंक ने यह सुविधा ऑनलाइन भी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, टैक्स सेविंग डिपाजिट स्कीम के तहत बैंक ग्राहक को 16.64 फीसदी ब्याज देगा जबकि वरिष्ठ नागरिकों को 17.39 फीसदी ब्याज मिलेगी। यह जानकारी मंगलवार को बैंक के उप महाप्रबंधक अनिल चोपड़ा ने पत्रकारों को दी।
उप महाप्रबंधक ने बताया कि ऑनलाइन खाता खोलने के लिए बैंक की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एसबीआई डाट इन पर जाकर न्यू एकाउंट फार्म खोलें। उसमें सभी सूचनाएं भरने के बाद खाता खुल जाएगा। इसके बाद उस फार्म की हार्ड कापी बैंक की शाखा में जमा करनी होगी। वहीं, बैंक ने टैक्स सेविंग डिपाजिट स्कीम शुरू की है। उन्होंने बताया इस योजना में ग्राहकों के लिए ब्याजदर बहुत अच्छी की गई है। साथ ही ग्राहकों के लिए 100 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर चार लाख रुपये का एक्सिडेंटल बीमा भी शुरू किया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी में बैंक ने चार लाख नो फ्रिल एकाउंट खोला है। अंचल में 201 शाखाएं है। वहीं, छह महीने में 150 और एटीएम खोलने की योजना है। इसके अलावा अगले महीने महमूरगंज में एनआरआई शाखा खोली जाएगी। उन्होंने कहा कि एक पखवारे में सभी शाखाओं में असिस्टेंट की नियुक्ति हो जाएगी। जिले के अंचल में कुल 271 की नियुक्ति की जानी है।