सारनाथ/चौबेपुर। पुलिस के हत्थे चढ़े इनामी बदमाश अजय उर्फ विजय को शरण देने के आरोप में सारनाथ पुलिस ने गुरुवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उधर, चौबेपुर पुलिस ने गाजीपुर में छापा मारकर ग्राम प्रधान समेत दो लोगों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने शहर के सारनाथ और अर्दली बाजार में कई लोगों से पूछताछ भी की।
इनामी बदमाश ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि वह होली के एक दिन पहले अनमोल नगर कालोनी निवासी फूल विक्रेता वीरेंद्र कुमार मौर्या के घर रुका था। उसने अपनी प्रेमिका से मुलाकात की थी। रंग लगने के कारण उसे पहचानना मुश्किल था। इसी कारण वह रांची चला गया। पूछताछ में पता चला है कि 2007 में डॉ.डीपी सिंह की हत्या के बाद भी उसने वीरेंद्र के घर शरण ली थी। इस मामले में सारनाथ थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने शरणदाता वीरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उधर, चौबेपुर पुलिस ने गाजीपुर के करंडा इलाके में छापा मारकर शरण देने के मामले में ग्राम प्रधान समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने सारनाथ में बस संचालक और इनामी बदमाश के करीबी के घर भी दबिश दी थी। पुलिस की कार्रवाई से बदमाशों के शरणदाताओं में हड़कंप मच गया है।